अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) जनपद में सरयू/घाघरा नदी के जलस्तर पर प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। सिंचाई खंड टांडा की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार टांडा पम्प नहर, महरीपुर गेज स्थल पर 01 सितंबर को शाम 06 बजे नदी का जलस्तर 85.09 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित खतरे के स्तर 85.56 मीटर से 0.47 मीटर नीचे है। नदी के जलस्तर में वृद्धि की प्रवृत्ति दर्ज की गई है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने तथा जलस्तर की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने आमजन से अपील की है कि नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें। ग्रामीण विशेष रूप से बच्चों एवं पशुओं को नदी के किनारे न जाने दें तथा बाढ़/जलभराव की स्थिति में सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं संबंधित विभाग को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी advisories/निर्देशों का पालन करें। प्रशासन जनपद में नदी के जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रख रहा है।










