सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के माध्यमिक विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारतः चित्र सेवा’ कार्यक्रम आयोजित
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 19 सितम्बर 2026।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल के अवसर पर संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के माध्यमिक विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारतः चित्र सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने के साथ देश में हुए विकास और भविष्य के भारत की उनकी कल्पना को अभिव्यक्ति का मंच दिया गया।
कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला तथा भाषण/डिबेट प्रतियोगिताएं कराई गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ और भाषण प्रतियोगिता में कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषण के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं, आकांक्षाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
चित्रों और वक्तव्यों में विद्यार्थियों ने शिक्षा, आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, नवाचार और आधुनिक भारत जैसे विषयों को प्रमुखता दी। विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक विचारों के जरिए यह बताने का प्रयास किया कि वे भविष्य के भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।
प्रतियोगिताओं में राम अवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज जलालपुर, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज राजेसुल्तानपुर, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, आरडीआरके इंटर कॉलेज सिसानी जाफरगंज, मोतीलाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मालीपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर, सावित्रीबाई फुले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कुर्की बाजार और बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर समेत अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने और विकसित भारत के प्रति अपनी सोच को रचनात्मक तरीके से सामने रखने का अवसर मिला। विद्यालय स्तर पर आयोजित इन गतिविधियों से नई पीढ़ी को देश के विकास के सामूहिक संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।











