
बैंकर्स एवं संबंधित अधिकारियों को ऋण आवेदनों के निस्तारण तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 25 नवम्बर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गत बैठक की कार्यवाही की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना*, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा निवेश मित्र पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 2,200 के लक्ष्य के सापेक्ष 2,581 आवेदन प्राप्त हुए । मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 236 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 52 आवेदन स्वीकृत एवं 49 वितरित हुए। वहीं, ओडीओपी ऋण योजना में 114 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 37 स्वीकृत तथा 31 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 377 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 259 स्वीकृत तथा 246 आवेदनों पर ऋण वितरण किया गया। इन स्वीकृत परियोजनाओं की कुल धनराशि 2,341.39 लाख रुपये रही।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं बैंकर्स को निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। पात्र युवाओं एवं उद्यमियों को अनावश्यक रूप से बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें समयबद्ध ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर व्यापारी बंधुओ की समस्याओं एवं उनके सुझावों को भी सुना गया तथा प्राप्त समस्याओं को संबंधित विभाग निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं बैंकर्स के साथ ही उद्यमी एवं व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।


जिला स्तरीय उद्योग एवं व्यापार







