
अंबेडकर नगर 18 फरवरी 2026।(आशा भारती नेटवर्क) शासन के मंशानुसार उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जनपद अम्बेडकरनगर की प्रभावी एवं अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने, कृषकों को उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के विषय पर विस्तृत एवं गहन विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कृषि उपजों की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर वैल्यू एडिशन को प्रोत्साहित करने तथा योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु ठोस एवं योजनाबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद में आधुनिक फिश मंडी की स्थापना, अधिक से अधिक पॉलीहाउस विकसित करने, मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने, पर्यटन की संभावनाओं के दोहन, टांडा क्षेत्र में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट स्थापित करने, मत्स्य उत्पादन बढ़ाने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने तथा विभिन्न फसलों के उत्पादन में वृद्धि के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से कृषकों को प्रशिक्षण दिलाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त धान, गन्ना एवं अन्य कृषि उत्पादों पर आधारित फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना, सीड पार्क के विकास तथा आवश्यकतानुसार स्टेट ट्रांसपोर्टेशन कमीशन से सहयोग प्राप्त करने के संबंध में भी विमर्श किया गया। जनपद में मखाना उत्पादन की अपार संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए मखाना बोर्ड के गठन के उपरांत इस क्षेत्र में योजनाबद्ध विस्तार पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ उसके प्रोसेसिंग एवं वैल्यू एडिशन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन हो तथा जनपद की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारी एवं प्रभावी प्रोजेक्ट तैयार किए जाएं जो तीव्र आर्थिक वृद्धि के कारक बनें और जनपद की भागीदारी प्रदेश एवं राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में सशक्त रूप से परिलक्षित हो।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जनपद में एक समग्र “फूड हब” विकसित किए जाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, जिसमें प्रदेश के 75 जनपदों के “एक जनपद एक व्यंजन” के अंतर्गत चयनित व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। यह पहल जनपद को खाद्य प्रसंस्करण एवं विपणन के क्षेत्र में नई पहचान प्रदान करेगी।
बैठक में सभी अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अम्बेडकरनगर जनपद प्रदेश की आर्थिक प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा सके।
बैठक में उपनिदेशक कृषि, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्यान अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, उद्यमी मित्र, मत्स्य अधिकारी तथा जनपद के प्रगतिशील कृषकों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










