- नवागत पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह का सख्त रुख, दो लाइन हाजिर, एक की रिपोर्ट लखनऊ भेजी गई
अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) महरुआ थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर हुए प्रतिमा विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कदम उठाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय जांच कराई। जांच में महिला उपनिरीक्षक पूजा शुक्ला, आरक्षी अश्वनी कुमार और एलआईयू उपनिरीक्षक रामसूरत की लापरवाही सामने आई। इसके बाद पूजा शुक्ला और अश्वनी कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि रामसूरत के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट लखनऊ भेजी गई है।
सोमवार रात गांव में बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रखी गई थी। मंगलवार को दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रतिमा हटवाने के लिए प्रशासनिक टीम को करीब दस घंटे तक ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीएम धर्मेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्र समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रतिमा हटाने के दौरान महिलाओं, युवकों और बच्चों ने नारेबाजी की और हटाने का विरोध किया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
प्रशासन ने समझाने और अनुमति दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे प्रतिमा हटवाई जा सकी। एसपी प्राची सिंह की त्वरित कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











