
मत्स्य विभाग मंत्री संजय निषाद ने एकलव्य स्टेडियम में किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को किया नमन
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को दी सलामी
वन्देमातरम् का सामूहिक गायन किया तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
गिरजा शंकर गुप्ता/अंबेडकर नगर 15 अगस्त 2026।(आशा भारती नेटवर्क)
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व जनपद अम्बेडकरनगर में पूरे उत्साह, उल्लास एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने एकलव्य स्टेडियम, अकबरपुर में ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी दी। और राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम् का सामूहिक गायन किया।
इस अवसर पर उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्राप्त हुई है। उनके आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा की भावना को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
माननीय मंत्री ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, अनुशासन एवं परिश्रम को जीवन का आधार बनाने तथा देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। युवा पीढ़ी अपने ज्ञान, प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्रहित में करे, यही स्वतंत्रता दिवस का वास्तविक संदेश है।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा देश प्रेम एवं राष्ट्र की भावना से परिपूर्ण विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इस पर मंत्री जी द्वारा अपने-अपने दायित्वों का उत्कृष्ट ढंग से निर्वहन करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान मंत्री जी ने सरकार द्वारा चलाई जा रही है विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एकलव्य स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मैच का शुभारंभ मंत्री संजय निषाद जी द्वारा टॉस उछाल कर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना,अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन,आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत वन्देमातरम् के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महापुरुषों एवं राष्ट्रनायकों यथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों, संघर्ष एवं राष्ट्रसेवा की भावना को नमन किया।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का भी संकल्प है। हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों के अनुरूप एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से हम अपने जनपद और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पूरे जनपद में ‘राष्ट्र प्रथम’, देशभक्ति, एकता एवं अखंडता की भावना का संदेश गूंजता रहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, जिलाध्यक्ष निषाद पार्टी सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक, विद्यार्थी, खिलाड़ी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।











