इस न्यूज को सुनें
|
(गिरजा शंकर विद्यार्थी)
अंबेडकर नगर: नगर निकाय चुनाव में समय करीब
होने के कारण इन दिनों प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव प्रचार बहुत तेजी से चल रहा है। अब तक स्वयं प्रचार कर रहे प्रत्याशियों को अब स्टार प्रचारकों की जरूरत पड़ रही है।
जनपद मुख्यालय अकबरपुर नगर पालिका परिषद की निवर्तमान चेयरमैन सरिता गुप्ता के समर्थन में मतदाताओं व कार्यकर्ताओं में जोश भरने आए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में खाली प्लाट को कब्जा कर लिया जाता था। गुंडे माफिया हावी रहते थे और हवा में बंदूकें लहराते थे। अब माफिया राज समाप्त हो गया है और कानून का राज स्थापित हो गया है।उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए हम केंद्र प्रदेश से रकम ला सकते हैं। अगर जीत भाजपा की होगी तो योगी मोदी की जीत होगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में सभी गांव में पंचायत भवन जगमगा रहे हैं। प्राथमिक स्कूलों की स्थिति में सुधार हुआ है। मुस्लिम महिलाओं के भले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काम किया। अब प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे बिजली की सप्लाई हो रही है।विकास के मुद्दे पर पूरे राष्ट्र में हम नंबर एक पर हैं। उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र में भी नंबर एक पर पहुंच रहा है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी सरिता गुप्ता के समर्थन में मतदान करने की अपील की और कहा कि अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए वोट करें। उन्होंने कहा कि सरकार अम्बेडकर नगर के विकास को लेकर गंभीर है। जिस प्रकार सांसद व विधायक बनने के बाद सभी संसाधन जनता की सुविधा के लिए खर्च करते हैं,उसी तरह नगर पालिका भी करेंगी।
जनसभा के दौरान नगर पालिका अकबरपुर चेयरमैन पद के निर्दल प्रत्याशी अनिल मिश्रा ने डिप्टी सीएम की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए इसके साथ-साथ शिव कुमार गुप्ता और कई लोगो ने भाजपा का दामन पकड़ा। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मीडिया कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही। जनसभा के दौरान नगर पालिका प्रत्याशी सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।