
अंबेडकर नगर 27 अप्रैल 2026।(आशा भारती नेटवर्क) प्रधानाचार्य / जिला समन्वयक राजकीय औद्योगिक शिक्षण संस्थान आलापुर ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना फेज-3 के क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न किया गया, जिसमें विशेष रूप से प्रदेश के समस्त जनपद के मुख्य अधिकारियों एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य के साथ विशेष वार्ता करते हुए संबंधित योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दिया गया। साथ ही साथ योजना के सफल संचालन हेतु जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में एक समिति गठित करने के लिए निर्देशित किया गया। इस योजना का संचालन माह अक्टूबर 2024 में लागू किया गया है, इस योजना का मुख्य उद्देश्य 05 साल में शीर्ष 500 कम्पनियों में एक करोड़ युवाओं को 12 माह तक इंटर्नशिप का अवसर प्रदान करना है। यह योजना कम्पनी इंटर्न को उद्योग / अधिष्ठानों के व्यावहारिक जीवन के वातावरण में प्रशिक्षण अनुभव और कौशल प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। इस योजना के अन्तर्गत 18 से 25 वर्ष के बीच की आयु के युवा, भारतीय राष्ट्रीयता से संबंधित जो पूर्णकालिक रोजगार में नहीं है और पूर्णकालिक शिक्षा में नहीं है, आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के अन्तर्गत इंटर्नशिप करने वाले लाभार्थियों को प्रति माह रू0-8100/- केन्द्र सरकार की तरफ से तथा रू0-900/- संबंधित उद्योग / अधिष्ठान की तरफ कुल रू0-9000/- प्रति माह देना सुनिश्चित किया गया है। इस योजना के अन्तर्गत ऑनलाइन दूरस्थ शिक्षा, कार्यक्रमों में नामांकित अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे। उक्त योजना के अन्तर्गत स्नातक, डिप्लोमाधारक, आई०टी०आई०, इंटरमीडिएट एवं हाई स्कूल पास अभ्यर्थी वेबसाइट- https://pminternshipscheme.com पर आवेदन कर सकते हैं। बैठक में योजना से संबंधित विभाग के अधिकारियों को योजना के बारे विस्तार से प्रचार-प्रसार करने तथा जनपद को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष 03 गुना पंजीयन कराकर लक्ष्य को दिनांक 30.04.2026 तक पूर्ण कराने के संबंध में निर्देशित किया गया।










