अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) एक दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे अमरौला वार्ड को शोक में डुबो दिया है। डंपर से मिट्टी गिराते समय उच्च वोल्टेज की बिजली लाइन छू जाने से डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। चालक गाड़ी से बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सका और जिंदा जलकर मौत के आगोश में समा गया।घटना जनपद मुख्यालय के कस्बा शहजादपुर के अमरौला वार्ड में हुई। जानकारी के अनुसार, जंग बहादुर के भट्टे के लिए मिट्टी डाली जा रही थी। चालक ने डंपर का डाला (हाइड्रॉलिक बॉडी) ऊपर किया और गाड़ी आगे बढ़ाई। ठीक उसी समय डंपर का ऊपरी हिस्सा 11,000 वोल्ट की उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन से टकरा गया। तुरंत स्पार्किंग हुई और पूरी डंपर में आग की लपटें उठने लगीं। गाड़ी तेजी से जलने लगी।चालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई भी उसके पास नहीं पहुंच सका। चालक मौके पर ही जलकर भस्म हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद थी। भट्टे पर मिट्टी डालने का काम चल रहा था। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों और मौजूद अधिकारियों ने तुरंत दमकल को सूचित किया, लेकिन आग पर काबू पाने से पहले ही चालक की जान चली गई। *आलोक वर्मा पुत्र वीरेंद्र वर्मा निवासी चियूटीपारा डंपर के चालक का नाम बताया जा रहा है जो जानकारी भट्ठे से प्राप्त हुई है।* पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिले हैं। भट्टा मालिक जंग बहादुर और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।











