
रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर हुई चर्चा

रोगी कल्याण समिति की बैठक में जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, OPD/IPD सेवाओं, चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा हुई।
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 08 जून 2026। कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद की उपस्थिति में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासी निकाय रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए। भीषण गर्मी एवं हीटवेव की परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में वि विभिन्न स्थलों पर जरूरत के अनुसार कूलर स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कार्मिकों की चयन प्रक्रिया को नियमानुसार शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु एक स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट), एक एनेस्थेटिस्ट तथा एक ईएमओ को नियमानुसार संबद्ध किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रॉमा सेंटर के प्रभावी एवं सुचारु संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान गत वित्तीय वर्ष के आय-व्यय, ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्टाफ नर्सों की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की तिमाही समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं के विस्तार एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सालयों में शासन के मंशानुसार स्वास्थ्य सेवाओं को और गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आगामी बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं प्रगति आख्या को पूर्ण कर प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया, और स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, एनटीपीसी के प्रतिनिधि, समिति के सदस्यगण एवं अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।











