
12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, योग प्रतियोगिताओं एवं गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड सहभागिता हेतु पंजीकरण शुरू

अम्बेडकरनगर 15 जून 2026।(आशा भारती नेटवर्क) क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि 12वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2026 एवं योग सप्ताह (15 जून, 2026 से 21 जून, 2026) तक मनाया जायेगा।
इसी क्रम में लोहिया भवन में धर्मराज विधायक कटेहरी, श्याम सुन्दर वर्मा (साधू वर्मा) अध्यक्ष जिला पंचायत अम्बेडकरनगर द्वारा दीप प्रज्जवलित कर एवं आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धनवन्तरि एवं योग प्रवर्तक महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर योग सप्ताह कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का संचालन कर रही डा० भावना शर्मा, चिकित्साधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त लोगों को योग से होने वाले लाभ से अवगत कराया गया। योगाभ्यास अशोक पासवान एवं विकास तिवारी योग प्रशिक्षक द्वारा कराया गया। योगाभ्यास के पश्चात उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के मार्गदर्शन में लोहिया भवन से योग जागरुकता रैली निकाली गयी। रैली में अधिक से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। जनपद मुख्यालय के साथ-साथ समस्त ब्लाकों पर सामूहिक योगाभ्यास एवं जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दूसरे दिन दिनांक 16 जून को अम्बेडकर पार्क अकबरपुर अम्बेडकरनगर में अशोक कुमार वर्मा एवं श्रीमती सुनीता वर्मा योगाचार्य के द्वारा योगभ्यास कराया जायेगा।

उन्होंने बताया कि 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गयी है। आयुष विभाग की तरफ से योग को जन-आन्दोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga For Healthy Ageing” निर्धारित की गयी है। इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है तथा इस कार्यक्रम के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में सहभागिता दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिभागी टोल-फ्री नम्बर-1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करा सकते है। पंजीकरण के बाद प्राप्त लिंक के माध्यम से प्रतिभागी अपने मोबाइल या अन्य डिजिटल उपकरण से योग सत्र में शामिल होंगें।
उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय स्लोगन, योग, चित्रकला और योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। स्लोगन प्रतियोगिता में 02 से 04 पंक्तियों के संदेश, चित्रकला प्रतियोगिता में योग विषयक पोस्टर और योगासन प्रतियोगिता में 01 मिनट का वीडियों प्रस्तुत करना होगा। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 17 जून 2026 सायं 05:00 बजे तक उ०प्र० आयुष विभाग के पोर्टल पर अपलोड कर सकते है। प्रतियोगिता के प्रत्येक सेक्शन हेतु 05-05 विजेताओं को चयनित किया जायेगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को 21 जून-30 जून 2026 के मध्य पुरस्कृत किया जायेगा।











