
उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्षों की विकास यात्रा तथा पशु रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण संबंधी लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया
अंबेडकर नगर 05 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में किसानों, पशुपालकों एवं स्वयं सहायता समूहों को मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ अरविन्द कुमार सिंह के द्वारा विभागीय योजनाओं, आधुनिक डेयरी प्रबंधन, चारा प्रबंधन, पशु रोग नियंत्रण तथा टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की ई-लॉटरी में चयनित लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चयन पत्र एवं अनुमति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान दुग्ध आयुक्त धन लक्ष्मी के ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। साथ ही जूम लिंक के माध्यम से उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्षों की विकास यात्रा तथा पशु रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण संबंधी लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र पाती डॉ. रामजीत के द्वारा पशुओं के उचित रखरखाव, चारा प्रबंधन, पशु रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण पर विस्तार से जानकारी दी।
जिला विकास अधिकारी तथा एलडीएम ने उपस्थित किसानों को कृषि ऋण एवं किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक ध्रुवराज वर्मा ने दुग्ध विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों एवं पशुपालकों से शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।










