
(आशा भारती नेटवर्क)
महेश चंद्र गुप्ता/अंबेडकर नगर 12 अगस्त 2026। जापानी इंसेफेलाइटिस एवं डेंगू के मरीज पाए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग की टीमों द्वारा तत्काल संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
विकासखंड जहांगीरगंज के ग्राम पंचायत सांति सदर में जापानी इंसेफेलाइटिस का मरीज पाए जाने की सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला एवं जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र कुमार पाण्डेय ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मरीज के घर के आसपास तथा गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम द्वारा सैंपलिंग एवं जांच की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मरीज के परिवार के सदस्यों एवं आसपास के 27 लोगों की जांच कराई गई, जिनकी सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। मौके पर पंचायती राज विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।
इसी प्रकार विकासखंड टांडा के वार्ड नंबर 15 मीरपुर हयातगंज एवं अमिया बाभनपुर, विकासखंड कटेहरी के ग्राम पंचायत बेनीपुर तथा विकासखंड भीटी के ग्राम पंचायत परवरभारी में डेंगू के मरीज पाए जाने पर संबंधित क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग की टीमों द्वारा तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मरीजों के घरों के आसपास साफ-सफाई, दवा छिड़काव एवं अन्य आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। मेडिकल टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, दवा छिड़काव एवं निगरानी व्यवस्था प्रभावी रूप से जारी रखी जाए तथा किसी भी संभावित मामले की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं मेडिकल टीम के सदस्य उपस्थित रहे।









