

महेश चंद्र गुप्ता/अंबेडकर नगर, 08 सितंबर 2026। जवाहर नवोदय विद्यालय, अफजलपुर, अंबेडकर नगर में आर्ट इन एजुकेशन एवं कला उत्सव 2026 की दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 08 सितंबर 2026 को दोपहर 1:30 बजे विद्यालय के एम.पी. हॉल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अंबेडकर नगर सुश्री ईशा प्रिया द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया का स्वागत किया गया। इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जवाहर नवोदय विद्यालय, अंबेडकर नगर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर जिलाधिकारी का अभिनंदन किया।
यह दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय आयोजन 08 एवं 09 सितंबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 23 जवाहर नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें अमेठी, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बलिया, बस्ती, भदोही, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, जौनपुर, कौशाम्बी, कुशीनगर, महाराजगंज, मऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, वाराणसी एवं मिर्जापुर के जवाहर नवोदय विद्यालय शामिल हैं।

आयोजन में कुल 275 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 26 छात्र एवं 249 छात्राएँ शामिल हैं। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं को मुख्य रूप से निम्नलिखित चार विधाओं में आयोजित किया गया है—
1. एकल शास्त्रीय गायन (Solo Classical)
2. समूह क्षेत्रीय/लोक एवं जनजातीय कला (Group Regional Folk/Tribal)
3. समूह शास्त्रीय/लोक नृत्य (Group Classical/Folk Dance)
4. थिएटर—लघु नाटिका, रोल प्ले, मिमिक्री एवं माइम (Mime)
जवाहर नवोदय विद्यालयों के शिक्षक एवं एस्कॉर्ट शिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन, उत्साहवर्धन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय कला, लोक संस्कृति, परंपराओं एवं विविध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने का अवसर मिल रहा है। विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत एवं आकर्षक बना दिया।
कला उत्सव एवं आर्ट इन एजुकेशन 2026 का यह दो दिवसीय आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, सांस्कृतिक विविधता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति का शानदार संगम है। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी 23 जवाहर नवोदय विद्यालयों के शिक्षक एवं एस्कॉर्ट शिक्षक भी उपस्थित हैं, जिन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
स्थान : एम.पी. हॉल, जवाहर नवोदय विद्यालय, अफजलपुर, अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश
कार्यक्रम: आर्ट इन एजुकेशन एवं कला उत्सव 2026 – क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता










