भारी वाहनों के प्रवेश तय रुट से ही होगा आवागमन
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता अम्बेडकरनगर पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। परीक्षा के मद्देनजर अकबरपुर और टांडा थाना क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी जाएगी। आजमगढ़ और बसखारी की ओर से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास से गोहन्ना चौराहा, पहितीपुर और श्रवण क्षेत्र होते हुए अन्नावा के रास्ते जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। बस्ती और टांडा की ओर से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन बाईपास मार्ग का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। अकबरपुर शहर में मालीपुर रोड बाईपास, जलालपुर रोड बाईपास, बसखारी रोड स्थित न्यौतरिया बाईपास, टांडा रोड स्थित कटरिया याकूबपुर बाईपास, भिखारीपुर मोड़, फायर सर्विस, दोस्तपुर रोड स्थित गोहन्ना चौराहा बाईपास और अन्नावा तिराहे से यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। अकबरपुर से टांडा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को धरमनगर पुल से एनएच-233 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, टांडा थाना क्षेत्र के कश्मिरिया, चिंतौरा और धुरहिया में हल्के एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात प्रभारी जय बहादुर यादव ने बताया कि यह व्यवस्था पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार लागू की जा रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और निर्धारित मार्गों की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें। वाहन चालकों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की गई है।











