अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) लकड़ी व्यवसायी सुरेंद्र मांझी हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। यह घटना 3 मार्च को टांडा थाना क्षेत्र में हुई थी।
टांडा कोतवाली के दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि लकड़ी व्यापारी सुरेंद्र मांझी की हत्या लूट के इरादे से की गई थी। इस वारदात को टांडा थाना क्षेत्र के अरविंद प्रजापति और प्रेमचंद उर्फ चंदू ने अंजाम दिया था। हत्या के बाद आरोपियों ने व्यापारी के गले से सोने की चेन और अन्य सामान लूट लिया था।
पुलिस के मुताबिक लूट का पूरा माल हड़पने के इरादे से प्रेमचंद उर्फ चंदू ने अपने ही साथी अरविंद प्रजापति को जहर दे दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि 3 मार्च को टांडा थाना क्षेत्र के जनार्दनपुर गांव के बाहर लकड़ी व्यवसायी सुरेंद्र मांझी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया था। शुक्रवार देर रात टांडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी हाईवे से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर टांडा थानाध्यक्ष दीपक सिंह रघुवंशी अपनी टीम के साथ सर्विलांस की मदद से सुंदर हाईवे के पास घेराबंदी कर मौजद थे।
इसी दौरान जब एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमचंद उर्फ चंदू पुत्र छोटेलाल निवासी छांगुरपुर मिश्रौलिया, कोतवाली टांडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो सोने की चेन, नगदी, एक मोबाइल फोन और कारतूस बरामद किए हैं।










