अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में नगर पालिका परिषद जलालपुर में तैनात अतिक्रमण प्रभारी रमाकांत चौबे को एंटी करप्शन टीम ने ₹5000 की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन के तहत की गई।
सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर ₹5000 की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और कथित रूप से रकम लेते ही आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा और कर्मचारियों में खलबली मच गई। मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता केतकी शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी आवास योजना में कथित गड़बड़ियां हुई हैं और लाभार्थियों को भ्रामक जानकारी देकर परेशान किया गया। उन्होंने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहनी चाहिए।
टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर आरोपी को हिरासत में लिया और कोतवाली अकबरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है तथा आरोपी पक्ष का बयान आना शेष है।
यह कार्रवाई एक बार फिर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े करती है।










