
- युवक धार्मिक कार्य में टेंट लगाने आया था,कम्हरिया घाट पर हुआ यह हादसा
आलापुर,अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र स्थित कम्हरिया घाट पर मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। सरयू नदी में स्नान के दौरान एक युवक डूब गया। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।डूबे युवक की पहचान गढ़वल पंडित का पूरा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रियांशु उर्फ बॉबी गौतम के रूप में हुई है। वह कम्हरिया घाट स्थित मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने आया था।मंगलवार शाम सूरज ढलने के बाद प्रियांशु नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आस-पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही राजेसुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली।थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया है। टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना के बाद युवक के परिजनों में चिंता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि तलाश अभियान जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।








