
राजेश प्रताप सिंह क्राइम रिपोर्टर
अंबेडकर नगर। (आशा भारती नेटवर्क) मालीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कजरी नंदापुर गांव में एक घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी की चोरी हो गई। पीड़ित अनुज कुमार चौहान ने मालीपुर थानाध्यक्ष को दी गई तहरीर में बताया कि यह घटना 23 मई की रात लगभग 1 बजकर 55 मिनट पर हुई। चार चोर उनके घर में घुस गए और सोने के हार, चार कंगन, सोने की कील, नथुनी, बिंदी, मंगलसूत्र सहित अन्य जेवरात चुरा लिए।
चोरों ने लगभग 2 किलो चांदी के आभूषण भी चुराए, जिनमें पावजेब, करधन, तीन पायल, चाँलकी इट, हसुनी, कड़ा, छह लच्छा और हवेल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, कीमती कपड़े भी एक बैग में भरकर ले गए। जाते समय, उन्होंने अनुज के भांजे विशाल की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर उनकी माता जी के कमरे से 13,000 रुपये और 2,50,000 रुपये नकद भी लूट लिए।अनुज कुमार चौहान के अनुसार, सभी चोरों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है और उनके चेहरे ढके हुए थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष स्वतंत्र मौर्या ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।










