
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 09 जून 2026।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 08 जून को अपराह्न में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद की तहसीलवार एवं चार्जवार प्रगति का अवलोकन किया गया। समीक्षा के दौरान जिला जनगणना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि दिनांक 09 जून 2026 तक जनपद में कुल निर्धारित कार्य का 84.4 प्रतिशत संपादन किया जा चुका है तथा इस प्रगति के साथ जनपद उत्तर प्रदेश में 30 वें स्थान पर है। जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति में और तेजी लाते हुए शेष कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम की सफलता सटीक एवं समयबद्ध आंकड़ों के संकलन पर निर्भर करती है। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण करते हुए कार्य में अपेक्षित गति लाएं तथा शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गणना कार्य के दौरान प्राप्त होने वाली किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का त्वरित समाधान कराया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता एवं शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से जनगणना कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपादित करने का आह्वान किया।
बैठक में जनगणना निदेशालय से जनपद हेतु नामित अधिकारी अतुल सिंह सहित समस्त उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी/तहसीलदार तथा जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











