
अम्बेडकर नगर 20 जून 2026।(आशा भारती नेटवर्क) शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस के तहत आज तहसील अकबरपुर में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर सहित अन्य संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तत्काल निस्तारण योग्य मामलों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
तहसील अकबरपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।











