
चीनी मिल अकबरपुर की पेराई क्षमता विस्तारीकरण के प्रस्ताव को मिली मंजूरी
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 03 जुलाई 2026। बलरामपुर चीनी मिल्स लि०, इकाई अकबरपुर, ग्राम व पोस्ट मिझौड़ा, जनपद अम्बेडकरनगर में चीनी मिल की पेराई क्षमता 7500 टी०सी०डी० से 10000 टी०सी०डी० के विस्तारीकरण के सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड – अयोध्या द्वारा आयोजित लोक सुनवाई जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें उत्तर प्रदेश पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अयोध्या के क्षेत्रीय अधिकारी आर० वी० सिंह, उपजिलाधिकारी नीरज गौतम, अकबरपुर चीनी मिल के इकाई प्रमुख पंकज शाही एवं क्षेत्र के सम्मानित जनता व कृषकगण उपस्थित रहें।
लोक सुनवाई के दौरान मिल द्वारा अकबरपुर चीनी मिल की पेराई क्षमता 7500 टी०सी०डी० में विस्तार कर 10000 टी०सी०डी० किये जाने के प्रस्ताव के सम्बन्ध, इसके पर्यावरणीय प्रभाव व प्रबन्धन पर चर्चा की गयी जिसके सम्बन्ध में चीनी मिल के पर्यावरणीय सलाहकार डॉ० मनोज गर्ग द्वारा सभा में उपस्थितगणों के समक्ष इसके प्रभाव एवं प्रबन्धन पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुये पूरी जानकारी दी गयी।
डॉo मनोज गर्ग द्वारा दिये गये प्रस्तुतिकरण के पश्चात लोक सुनवाई में उपस्थित व्यक्तियों के विचार लिये गये तथा उनके प्रश्नों एवं आशंकाओं के सम्बन्ध में विधिवत उत्तर दिये गये। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा भी मिल प्रबन्धन से कुछ प्रश्न किये गये जिनके सम्बन्ध में चीनी मिल इकाई प्रमुख श्री पंकज शाही द्वारा स्पष्टीकरण दिया गया।
लोक सुनवाई में उपस्थित समस्त क्षेत्रवासियों द्वारा अकबरपुर चीनी मिल की पेराई क्षमता 7500 टी0सी0डी0 से विस्तार कर 10000 टी०सी०डी० किये जाने के सम्बन्ध में सर्वसम्मति से मंजूरी दी गयी। सभा के अन्त में उत्तर प्रदेश पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अयोध्या के क्षेत्रीय अधिकारी एवं चीनी मिल इकाई प्रमुख द्वारा सभी उपस्थितगणों का आभार व्यक्त किया गया।











