
कांवड़ यात्रा के लिए मार्गों को पूर्णतः सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए।
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 27 जुलाई 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने आगामी 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रहे सावन मास के दृष्टिगत जनपद में कांवड़ यात्रा से संबंधित चिन्हित मार्गों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सेतु निगम, बस्ती को मया-टांडा मार्ग पर निर्माणाधीन ऊपरिगामी पुल के पहुंच मार्ग को कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत आवागमन हेतु दो दिवस में सुगम बनाने के निर्देश दिए। वहीं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को एनएच-135ए पर बने गड्ढों तथा जल निगम को लोक निर्माण विभाग के क्षतिग्रस्त मार्गों की दो दिवस के भीतर मरम्मत सुनिश्चित कर कांवड़ यात्रा के लिए मार्गों को पूर्णतः सुगम बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि दो दिवस उपरांत सभी चिन्हित मार्गों का पुनः स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का सत्यापन करें तथा पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी मार्ग निर्माण एजेंसियों को भी निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से संबंधित मार्गों का नियमित निरीक्षण करते हुए उन्हें सुरक्षित, सुदृढ़ एवं आवागमन योग्य बनाए रखें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग सहित सेतु निगम, एनएचएआई, जल निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











