नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से बात की है। अधिकारियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान भारतीय पायलट ने घटना की जानकारी दी और बताया कि उन्हें किस चीज से हिम्मत मिली।
प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की तारीफ की और उनके जल्द ठीक होने की कामना की। एक दिन पहले पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से भी बात की थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘भारतीय मिशन’ उन्हें हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।
स्मित मच्छार पर फ्लाइट में को-पायलट ने किया था हमला
मूल रूप से गुजराती कैप्टन स्मित मच्छार पर दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट ने उड़ान के दौरान हमला किया था। चाकू से हुए हमले में घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने यात्रियों और क्रू के साथ-साथ विमान को सुरक्षित रखा। विमान में अधिकतर इजरायली नागरिक थे, जिन्होंने को-पायलट को पकड़ा और बाद में तबूक एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
भारतीय पायलट की बहादुरी की पीएम मोदी, नेतान्याहू, ट्रंप ने भी की तारीफ
भारतीय पायलट मच्छार की बहादुरी को पीएम मोदी ने तो जमकर सराहा ही है। इजरायल के पीएम नेतान्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी जांबाज पायलट के दिलेरी की जमकर तारीफ की है। भारतीय पायलट स्मित मच्छार अभी उत्तर-पश्चिम सऊदी अरब के तबुक शहर में एक अस्पताल में भर्ती हैं। वहां उन्हें जरूरी मेडिकल इलाज दिया जा रहा है।
अस्पताल में हैं स्मित मच्छार, पीएम मोदी ने बताया ‘हीरो’
रियाद में भारतीय दूतावास ने बताया कि वे पायलट की सेहत के बारे में नजर रख रहे हैं और उनके परिवार के भी संपर्क में हैं। घटना के बाद प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पायलट स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताया। उन्होंने कहा कि
स्मित मच्छार की वीरता ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की।
स्मित से बातचीत में पीएम मोदी ने क्या कहा जानिए
पीएम मोदी ने आज भारत के जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बात की। कैप्टन मच्छार ने भी अपने अनुभव के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। उन्होंने ये भी बताया कि घटना के दौरान किस चीज ने उन्हें साहस दिया। पीएम मोदी ने उनकी बहादुरी की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। भारी खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों के जीवन की रक्षा करने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प का परिचय दिया। भारत को कैप्टन माछर पर गर्व है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने, नई ऊर्जा और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।











