
- जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में ओएचटी निर्माण एवं ‘हर घर जल’ प्रमाणन में तेजी लाने के निर्देश*
- 1,573 ग्रामों में संचालित पेयजल योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
- पाइपलाइन के लिए क्षतिग्रस्त सड़कों का शत-प्रतिशत पुनर्स्थापन सुनिश्चित करने के निर्देश*
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 01 अक्टूबर 2026।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को अपराह्न में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के 1,573 ग्रामों में संचालित एवं निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की प्रगति, ओएचटी निर्माण, शिकायत निस्तारण, जीरो पावर्टी, सड़क पुनर्स्थापन तथा थर्ड पार्टी निरीक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में लक्षित 571 ओवरहेड टैंक (ओएचटी) के सापेक्ष अब तक 353 ओएचटी का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पिछली समीक्षा बैठक के बाद 27 ओएचटी का निर्माण पूरा किया गया है। जनपद में 229 पेयजल योजनाओं के सभी कार्य पूर्ण कर उन्हें ओएंडएम को हस्तांतरित किया जा चुका है तथा इन योजनाओं से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। शेष 342 पेयजल योजनाओं को सीआईआरपी की समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण कराया जा रहा है। वर्तमान में जनपद के 1,009 गांवों में जलापूर्ति की जा रही है।
जिलाधिकारी ने दोनों कार्यदायी फर्मों—विंध्य टेलीलिंक्स एवं वेलस्पन एंटरप्राइजेज—के प्रोजेक्ट मैनेजरों को निर्देशित किया कि जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय द्वारा 01 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक संचालित सड़क पुनर्स्थापन अभियान के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त की गई सभी सड़कों का शत-प्रतिशत पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समयसीमा में सड़क मरम्मत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस एवं जल जीवन मिशन हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के साथ ही शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि धनतेरस के अवसर पर जनपद के 50 गांवों में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया जाए। साथ ही 92 शिरोपारी जलाशयों के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराते हुए अक्टूबर माह के अंत तक उन्हें क्रियाशील कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी, थर्ड पार्टी निरीक्षण एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने पर जोर दिया।
जल जीवन मिशन से जुड़ने एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी/शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘जल सारथी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की गई। सड़क मरम्मत से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर जल सारथी ऐप के माध्यम से संबंधित स्थल का वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
बैठक में जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता कमला शंकर, सहायक अभियंता नितेंद्र पांडेय एवं अभिषेक वर्मा, अवर अभियंता धर्मेंद्र प्रसाद, मुसीबत अली, मिथुन चक्रवर्ती, रजत पटेल, रजत चौधरी, सचिन सिंह एवं महेश चौरसिया सहित डीपीएमयू, टीपीआई तथा दोनों कार्यदायी फर्मों के ब्लॉक स्तरीय अभियंता उपस्थित रहे।











