
आगरा। अछनेरा:थाना अछनेरा क्षेत्र से लापता हुए बालक शिवम को स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र कुछ ही घंटों में कासगंज से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से परिजनों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अछनेरा में मुकदमा अपराध संख्या 266/2026, धारा 137(2) बीएनएसएस के तहत गत 2 अक्टूबर 2026 को बालक शिवम की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अछनेरा पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से अवलोकन और विश्लेषण किया। इसके साथ ही गांवों के चौराहों, प्रमुख मार्गों और रेलवे स्टेशनों के कैमरों को खंगालते हुए लगातार सुरागरसी-पतारसी और अथक प्रयास किए गए।पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग के आधार पर पुलिस ने लापता बालक शिवम को आखिरकार कासगंज जिले से सकुशल ढूंढ निकाला। पुलिस टीम बालक को लेकर अछनेरा पहुंच चुकी है और विधिकऔपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।अछनेरा पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चहुंओर प्रशंसा हो रही है।









