(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 27 अक्टूबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार जनपद अम्बेडकरनगर में दिनांक 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा, मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40–45 किमी प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने जनपद के समस्त किसानों से अपील की है कि वे निम्नलिखित सावधानियां बरतें—
*कटी हुई फसल की सुरक्षा:* खेतों में कटी हुई धान एवं अन्य फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा संभव हो तो तिरपाल से ढक दें।
*कटाई एवं मड़ाई:* मौसम की स्थिति को देखते हुए कटाई एवं मड़ाई का कार्य सावधानीपूर्वक करें तथा तेज हवा और बारिश की संभावना के दौरान खुले खेतों में कार्य करने से बचें।
*खेतों में जल निकासी:* फसलों को जलभराव से बचाने के लिए खेतों एवं नालियों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें।
*खड़ी फसलों की सुरक्षा:* तेज हवाओं से फसल गिरने की आशंका को देखते हुए खेतों में अनावश्यक सिंचाई न करें तथा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं।
*वज्रपात से बचाव:* गरज-चमक के दौरान खेतों में कार्य न करें। खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कृषि उपकरणों से दूर रहें तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।
कृषि उपज एवं उपकरणों की सुरक्षा: खाद, बीज, कृषि यंत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री को सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी एवं कृषि विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में सतर्कता बरतें।










