
अंबेडकरनगर 12 नवम्बर 2026।(आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशों के अनुपालन में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आज जनपद की पाँचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता से संबंधित निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
यह आयोजन माध्यमिक विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से निर्धारित विद्यालयों में कराया गया। विधानसभा क्षेत्रवार प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु निम्नलिखित विद्यालयों को केंद्र बनाया गया—
- टाण्डा – मिश्रीलाल आर्य कन्या इण्टर कॉलेज, टाण्डा।
- अकबरपुर – बी.एन. इण्टर कॉलेज, अकबरपुर।
- कटेहरी – रामदेव जनता इण्टर कॉलेज, कटेहरी।
- जलालपुर – नरेन्द्र देव इण्टर कॉलेज, जलालपुर।
- आलापुर – राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, आलापुर।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के महत्व से परिचित कराते हुए उन्हें नैतिक, निष्पक्ष एवं अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिताओं में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्या एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल शिक्षकों के निर्देशन में प्रतियोगिताओं का सुव्यवस्थित आयोजन कराया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उनकी सूची एवं कार्यक्रम से संबंधित फोटोग्राफ संकलित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित स्वीप दिशा-निर्देशों एवं मतदाता जागरूकता संबंधी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया।
माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय स्तर से ही युवाओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने तथा उन्हें जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में युवाओं की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।











