
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 प्रतिमाओं एवं परिसरों का होगा सौंदर्यीकरण
- संविधान दिवस पर ग्राम पंचायत मुकुंदपुर में मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने किया संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन
- बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार एवं योगदान समानता, न्याय और सामाजिक समरसता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे – जनप्रतिनिधिगण
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 26 नवम्बर 2026। 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ बी0आर0 अम्बेडकर मूर्ति विकास योजनान्तर्गत जनपद के प्रत्येक विधानसभा वार चयनित कुल 50 मूर्ति विकास स्थलों पर शिलान्यास/पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विधानसभा कटेहरी की ग्राम पंचायत मुकुंदपुर(दरवेशपुर) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा संविधान की उद्देशिका के पाठन तथा डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रतिमाओं एवं उनके परिसरों के सौंदर्यीकरण कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी एवं ग्रामवासियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन कर संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भारतीय संविधान के शिल्पी भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा संविधान निर्माण समिति के समस्त सदस्यों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण सुनते हुए वक्ताओं ने संविधान में निहित समानता, न्याय, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर माननीय जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को नमन किया गया।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 प्रतिमाओं एवं परिसरों का होगा सौंदर्यीकरण
विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने संविधान गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा देश एवं समाज के उत्थान के लिए किए गए अतुलनीय योगदान के प्रति पूरा देश कृतज्ञ है। उनके विचार एवं आदर्श सदैव समाज को समानता, न्याय एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करते रहेंगे। उन्होंने डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 प्रतिमाओं एवं उनके परिसरों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इससे बाबा साहेब के विचारों एवं योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा सकेगा।
बाबा साहेब का योगदान राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय – विधायक कटेहरी
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान निर्माण समिति के सभी सदस्यों को नमन करते हुए डॉ. बी.आर.
आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक उत्थान, समानता एवं देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना एवं आवास योजना सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराए जाएंगे सौंदर्यीकरण कार्य – जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत जनपद में चयनित प्रतिमाओं एवं उनके परिसरों के सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से सार्वजनिक स्थलों को सुव्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप मिलेगा तथा ग्रामवासियों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण के साथ सुंदर पार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम का समापन संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुरूप समतामूलक, न्यायपूर्ण एवं समरस समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।











