
अंबेडकर नगर।(आशा भारती नेटवर्क) ग्राम पंचायत सारंगपुर में प्रधान पद रिक्त होने के बाद चुनाव को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के एक सदस्य द्वारा जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर चुनाव प्रक्रिया में हुई अनियमितता की शिकायत की गई है।प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि ग्राम प्रधान प्रेमचंद के आकस्मिक निधन के बाद ग्राम पंचायत में प्रधान का पद रिक्त हो गया। इसके बाद ग्राम पंचायत के सदस्यों के बीच नामित प्रधान को लेकर प्रक्रिया अपनाई गई, लेकिन आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया सही तरीके से नहीं कराई गई और कुछ ही सदस्यों के समर्थन के बावजूद सुधा पांडेय के पक्ष में नामित सदस्य घोषित कर दिया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत में कुल 15 सदस्य हैं, जिनमें से लगभग 12 से 13 सदस्य कृष्ण प्रताप पांडेय के समर्थन में हैं, जबकि सुधा पांडेय के पक्ष में केवल कुछ ही सदस्य बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नामित कर दिया गया, जिससे ग्राम पंचायत के कई सदस्यों में असंतोष है।इस मामले में शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी को पूरी स्थिति से अवगत कराया गया है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि यदि चुनाव या नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जांच कराई जाएगी और चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा।प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्राम पंचायत के सदस्यों को उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सही निर्णय लिया जाएगा।









