|
इस न्यूज को सुनें
Getting your Trinity Audio player ready...
|
(गिरजा शंकर विद्यार्थी)
अंबेडकर नगर: घर बैठे रोजगार देने का लालच देकर अकबरपुर तहसील क्षेत्र की करीब 1500 से अधिक महिलाओं से 20 लाख रुपये ठग लेने का मामला सामने आया है। बेहतर काम करने वाली महिलाकर्मी को मोबाइल, स्कूटी देने व सुपरवाइजर बनाने तक का वादा किया गया था। ठगों ने करीब पांच माह तक काम कराया और बगैर भुगतान किए ही भाग गए। पीड़ित महिलाओं ने एसपी से मिलकर मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई है।अकबरपुर बसखारी मार्ग पर औलियापुर के पास करीब छह माह पहले कुछ लोगों ने महिलाओं को रोजगार देने के नाम पर एक संस्था का कार्यालय खोला। इसके बाद महिलाओं को जोड़ने का क्रम शुरु हुआ। बताया गया कि उन्हें जीरा, लौंग सहित अन्य मसालों की पैकिंग करनी होगी। सामान संस्था उपलब्ध कराएगी। प्रति पैकेट 10 रुपये कमीशन मिलेगा। साथ ही संस्था से 50 महिलाओं को जोड़ने पर एंड्रायड मोबाइल और 300 महिलाएं जोड़ने पर स्कूटी दी जाएगी। इतना ही नहीं बेहतर काम करने वाली महिला को सुपरवाइजर बनाने का भी झांसा दिया गया। शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं बरियावन क्षेत्र की किरन, सुशीला, विनीता, मानती, प्रीति सहित दर्जनों महिलाओं ने न्याय की गुहार की। कहा कि उन लोगों के साथ धोखाधड़ी हुई है, ऐसे में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस पर एसपी ने महिलाओं को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।सुपरवाइजर बनाने के लिए ऐंठे 2040 रुपये ठगी करने वाली आरोपी संस्था के लोगों ने महिलाओं को बताया कि यह लाभ उन्हें तभी मिलेगा जब वह 1020 रुपये जमा कर सदस्यता लेंगी। सुपरवाइजर बनने के लिए 2040 रुपये जमा करने को कहा गया। कुछ ही समय में जालसाजों के चंगुल में एक के बाद एक 1500 महिलाएं फंसती चली गईं। ठगों ने इन महिलाओं से करीब पांच माह तक मसाला पैकिंग का काम भी करा लिया और भुगतान भी नहीं किया। भुगतान के लिए दबाव बनाने पर संस्था का संचालन कर रहे तीनों आरोपी फरार हो गए। महिलाओं को पोषाहार देने के नाम पर भी 100-100 रुपये की वसूली की गई थी।




