उत्तर प्रदेश। यूपी पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी के साथ अब उसके सहयोगियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. योगी सरकार के सख्त कानून व्यवस्था और मुख्तार पर कार्रवाई के बाद से उसकी पत्नी आफ्शा अंसारी अब तक फरार है।
इसी को ध्यान में रखते हुए गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी के ठिकानों पर बड़ी रेड मारी. यह रेड मुख्तार की फरार पत्नी आफ्शा अंसारी की तलाश में हुई।
आपको बता दें कि माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी आफ्शा अंसारी की तलाश में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. गाजीपुर और मऊ जनपद में पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए 7 संभावित ठिकानों पर दबिश दी. इस दौरान पुलिस ने कई अहम जानकारियां जुटाई हैं. गाजीपुर के एसपी इरज राजा ने छापेमारी की जानकारी दी है.
पत्नी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित
उन्होंने बताया कि गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी कई आपराधिक मामलों में वांछित है और लंबे समय से फरार चल रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है. पुलिस थाना कोतवाली गाजीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 96/2023, धारा 406, 420, 386, 506 आईपीसी के तहत उनकी तलाश कर रही है।
जल्द गिरफ्तार होगी मुख्तार की पत्नी
इसी क्रम में 10 मई 2026 को गाजीपुर और मऊ में सात टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी. ये सभी ठिकाने IS-191 गैंग से जुड़े सहयोगियों के बताए जा रहे हैं. एसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध और उसके सरगनाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आफ्शा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











