
- सबसे बड़ा एवं सबसे कम समय में आयोजित ग्रीन चौपाल अभियान : अम्बेडकरनगर के नाम दर्ज हुए दो राष्ट्रीय कीर्तिमान
अंबेडकर नगर, 15 मई 2016। (आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशन में आज पूर्वाह्न 09 से 10 बजे तक जनपद के सभी 899 ग्राम पंचायतों में एक साथ एक समय पर ग्रीन चौपाल आयोजित कर इंडिया बुकऑफ रिकॉर्ड में जनपद अम्बेडकरनगर के नाम दो कीर्तिमान दर्ज हुए। इस दौरान सभी 899 ग्राम प्रधानों ने पेट्रोल एवं डीजल खपत को कम करने का बीड़ा उठाया तथा इस सभी ग्राम पंचायतों ने सर्वसम्मति से पेट्रोल एवं डीजल की खपत को कम करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
जिसमें प्रथम कीर्तिमान “अधिकतम ग्राम पंचायतों द्वारा आयोजित ग्रीन चौपाल जागरूकता कार्यक्रम” तथा दूसरा कीर्तिमान “सबसे कम समय में सबसे बड़ा ग्रीन चौपाल जागरूकता कार्यक्रम” रहा। इन सभी 899 ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रीन चौपाल जागरूकता कार्यक्रम में एक साथ एक समय पर रिकॉर्ड 185751 लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
इस पूरे वृहद ग्रीन चौपाल जागरूकता कार्यक्रम को इंडिया बुकऑफ रिकॉर्ड्स की टीम की देखरेख में किया गया। जिसकी घोषणा कलेक्ट्रेट परिसर में संजय भोला, एडजुडिकेटर, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के द्वारा की गई और रिकॉर्ड्स का मेडल एवं प्रमाण पत्र को सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय,विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद एवं जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की उपस्थिति में जिला प्रशासन एवं प्रधानगणों को सौंपा गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह, उपजिलाधिकारी विशाल सारस्वत, जिला पंचायत राज अधिकारी आदि अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी तथा अभियान में सर्वाधिक जन सहभागिता सुनिश्चित करने वाले ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा इस वृहद अभियान में सहयोग करने वाले एवं कार्यक्रम को सफल बनाने वाले समस्त ग्राम प्रधानों सहित समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।











