(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 27 मई 2026। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों एवं इंटरमीडिएट कॉलेजों में अध्ययनरत स्काउट एवं गाइड छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय “एडवेंचर प्रोग्राम” एवं “नेचर स्टडी ट्रैकिंग कोर्स” में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा जारी पत्र के क्रम में यह कार्यक्रम प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र, शीतला खेत, अल्मोड़ा (उत्तराखण्ड) में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं राष्ट्रीय एकीकरण की भावना का विकास करना है। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों से अधिकाधिक संख्या में स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने कार्यक्रम के अंतर्गत “एडवेंचर प्रोग्राम” हेतु छात्र संख्या 400 तक वाले विद्यालयों से न्यूनतम 02 स्काउट एवं 02 गाइड तथा 400 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों से न्यूनतम 04 स्काउट एवं 04 गाइड प्रतिभाग हेतु नामित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसी प्रकार “नेचर स्टडी ट्रैकिंग कोर्स” में भी निर्धारित संख्या में बच्चों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को समस्त विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर प्रतिभागियों का www.bsgup.org पर ऑनलाइन पंजीकरण निर्धारित समयावधि (31 मई 2026 तक) प्रत्येक दशा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा अयोध्या मंडल को आमंत्रित तिथि 18 जून से 22 जून 2026 में प्रतिभाग कराया जाना है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को साहसिक प्रशिक्षण, प्राकृतिक अध्ययन, ट्रैकिंग एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को अधिकाधिक छात्र-छात्राओं को इस अवसर का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











