
अम्बेडकर नगर 10 जून 2026।(आशा भारती नेटवर्क) निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में सूचना विभाग में पंजीकृत विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा नगर निकाय क्षेत्रों में जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को नगर पालिका परिषद टांडा क्षेत्र स्थित बस स्टैंड परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रीमंत प्रकृति यादव ग्राम कनेक्शन म्यूजिकल ग्रुप एवं श्रीमंत शैलजा भारती सांस्कृतिक दल के कलाकारों द्वारा लोकगीत, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई गई।
कलाकारों ने अपने प्रभावशाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, किसान कल्याण तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे तथा उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्राप्त जानकारी में रुचि दिखाई।
अवगत कराना है कि जनपद के विभिन्न नगर निकायों में ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिससे प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा सके।











