
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी ने मोहरई गांव पहुंचकर लिया जायजा

विद्यालय जाने वाले बच्चों के आवागमन की समस्या का तत्काल हुआ समाधान, मार्ग को मोटरेबल बनाने का कार्य भी पूर्ण
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकर नगर 11 सितम्बर 2026।
तहसील अकबरपुर के ग्राम पंचायत मोहरई में विद्यालय जाने वाले मार्ग पर जलभराव एवं गंदगी के कारण छोटे-छोटे बच्चों तथा ग्रामीणों को हो रही परेशानी का जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद में तैनात युवा आईएएस अधिकारियों यथा उप जिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री थनिगईयरसन टी द्वारा आज मौके पर पहुंचकर मार्ग से तत्काल जलनिकासी कराई गई, साथ ही जिला पंचायत की टीम लगाकर आवश्यकतानुसार जीएसबी डालकर मार्ग को मोटरेबल एवं सुगम आवागमन योग्य बनाने का कार्य भी तत्काल कराया गया। जिससे बच्चों एवं ग्रामीणों के आवागमन की समस्या का तत्काल समाधान हुआ।
जिलाधिकारी के निर्देश पर युवा आईएएस अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई किए जाने से स्थानीय ग्रामीणों में संतोष एवं प्रसन्नता का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चों के आवागमन से जुड़ी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर मौके पर समाधान कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उप जिलाधिकारी अकबरपुर ने जनसामान्य, विशेषकर बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुविधा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।










