
कुड़वार सुल्तानपुर।(आशा भारती नेटवर्क) लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने बाढ़ और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। राजस्व कर्मियों व संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने तथा जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव और राजस्व निरीक्षक शिवप्रसाद ने तिरक्षे, नीरसाहिया और भंडरा समेत आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने जलभराव और बाढ़ की स्थिति का मौके पर निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की।
अधिकारियों ने राजस्व कर्मियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर आवश्यक मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं *लेखपाल दिवाकर यादव* भी अपने क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि भारी बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर प्रशासन तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों ने जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की।











