
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर।अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के गौहन्ना में मंगलवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कब्जा दिलाने पहुंची टीम को महिलाओं के विरोध के चलते बिना कार्रवाई लौटना पड़ा। चार जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम करीब तीन घंटे तक मौके पर रही, लेकिन महिलाएं जेसीबी के सामने डटी रहीं और कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी।
मामला इजराय वाद संख्या 4/2022, देवनारायण बनाम झिनकू आदि से जुड़ा है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए मंगलवार दोपहर करीब एक बजे न्यायालय के अमीन कमिश्नर के नेतृत्व में टीम गौहन्ना पहुंची थी। टीम के साथ चार जेसीबी, पुलिसकर्मी और कोतवाली प्रभारी भी मौजूद रहे।
टीम ने जैसे ही कार्रवाई की तैयारी शुरू की, मौके पर मौजूद महिलाओं ने विरोध करते हुए जेसीबी मशीनों के सामने खड़े होकर रास्ता रोक दिया। महिलाओं का कहना था कि कार्रवाई से पहले उनकी स्थिति और समस्याओं को सुना जाए। उनका कहना था कि मकानों पर कार्रवाई होने की स्थिति में परिवारों के सामने रहने और सामान सुरक्षित रखने की समस्या पैदा हो जाएगी।
विरोध के चलते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद महिलाएं मशीनों के सामने से नहीं हटीं। इससे कार्रवाई को लेकर करीब तीन घंटे तक गतिरोध बना रहा।
मौके पर मौजूद अमीन कमिश्नर ने कार्रवाई के लिए प्रशासनिक सहयोग जरूरी बताया। उनका कहना था कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने के लिए संबंधित प्रशासनिक तंत्र का सहयोग आवश्यक है। मौके पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे।
विरोध के बीच पुलिस की मौजूदगी में भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। आखिरकार न्यायालय की टीम बिना कब्जा दिलाए वापस लौट गई।
अमीन कमिश्नर के अनुसार पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट जनपद न्यायाधीश और संबंधित सिविल जज को भेजी जाएगी। इसके बाद न्यायालय स्तर से आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई से प्रभावित परिवारों की स्थिति को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उनका आग्रह है कि आगे कोई कार्रवाई होने से पहले प्रभावित लोगों की बात सुनी जाए और उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए।


जेसीबी के आगे डटीं महिलाएं,









