मतदाता सूची के एकीकृत प्रारूप का प्रकाशन 12 नवंबर को, दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक होंगी प्राप्त
अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को प्रस्तावित
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 16 अक्टूबर 2026। माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 06 बजे जारी कर कर दिया गया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर 2026 तक पूर्ण की जाएगी। निर्वाचक नामावलियों के एकीकृत ड्राफ्ट का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके उपरांत 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाहियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज होने की जांच करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में नियमानुसार आवेदन कर संशोधन अथवा आवश्यक सुधार की कार्यवाही कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।


अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027








