
- विधायक धर्मराज निषाद ने दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने का किया आह्वान
- किसानों ने रबी फसलों के बीजों की कराई बुकिंग, कृषि यंत्रों पर अनुदान एवं आधुनिक खेती की दी गई जानकारी
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 29 अक्टूबर, 2026। कृषि विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत ग्राम बसंतपुर, कटेहरी में सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन माननीय विधायक कटेहरी श्री धर्मराज निषाद की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान, रबी फसलों के बीजों तथा कृषि एवं उद्यान फसलों की उन्नत खेती के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने कृषि विभाग द्वारा संचालित कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए नवीनतम कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने तथा टोकन निकालने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने किसानों से 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली कृषि यंत्रों की लॉटरी प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की। साथ ही गेहूं, चना, मटर, मसूर एवं सरसों के प्रमाणित बीजों पर अनुदान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा के 34 किसानों की रबी फसलों के बीजों की बुकिंग भी कराई गई।
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने किसानों से सरकार की मंशा के अनुरूप दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण अपनाकर किसान खेती की लागत कम करने तथा बेहतर लाभ अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र में गन्ने की खेती के साथ चना, सरसों एवं मसूर जैसी फसलों की खेती करने व किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विविध कृषि पद्धतियां अपनाने की अपील की।
उद्यान विभाग के वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी मौसम में गोभी, टमाटर, पालक, बैंगन एवं लहसुन जैसी सब्जियों की खेती अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही इन फसलों में लगने वाले प्रमुख रोगों, उनके लक्षणों तथा नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि 30 अक्टूबर, 2026 को जनपद मुख्यालय स्थित कृषि भवन सहित सभी विकास खंडों में एलईडी टीवी के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत किसानों को जागरूक करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।











