
- जिलाधिकारी ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
- दोनों पालियों में कुल 19,632 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 14213 उपस्थित एवं 5419 अनुपस्थित रहे
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 30 अक्टूबर 2026। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद अम्बेडकरनगर के सभी 23 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 आज निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए तथा परीक्षा प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की गई।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने परीक्षा केंद्र राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जनपद के सभी 23 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन हेतु उपजिलाधिकारीगण एवं नामित सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा भी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का सतत पर्यवेक्षण किया गया। परीक्षार्थियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सभी केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गईं।
*परीक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति का विवरण*
परीक्षा की प्रथम पाली में निर्धारित 9,816 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 7,169 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 2647 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में निर्धारित 9,816 परीक्षार्थियों में से 7044 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया तथा 2772 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 19,632 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 14213 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 5419 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा की गई समुचित व्यवस्थाओं, सतत निगरानी एवं प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों के आपसी समन्वय के फलस्वरूप जनपद में PET-2026 परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।











