
- संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश
- जननी सुरक्षा योजना के भुगतान, सिजेरियन प्रसव एवं आभा आईडी की प्रगति में और सुधार लाने के निर्देश
(आशा भारती नेटवर्क)
महेश चंद्र गुप्ता ब्यूरो चीफ
अंबेडकरनगर 29 अक्टूबर 2026।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत गठित जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित करने तथा जनसामान्य को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
*आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश*
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद में अब तक 71.43 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने शेष पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना एवं सिजेरियन प्रसव की समीक्षा
जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भुगतान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसखारी को भुगतान की प्रगति में विशेष सुधार लाने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर में सिजेरियन प्रसव की संख्या कम पाए जाने पर आवश्यक सुधार करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
एचबीएससी कार्यक्रम के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा शत-प्रतिशत गृह भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आभा आईडी निर्माण की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अर्बन कोऑर्डिनेटर, अकबरपुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक









