- क्षेत्रीय प्रबंधक मिहिर कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
- सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ना बैंक की प्राथमिकता
(आशा भारती नेटवर्क)
बसखारी,अंबेडकरनगर। बसखारी बाजार क्षेत्र के मसड़ा में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का उद्घाटन क्षेत्रीय प्रबंधक मिहिर कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान बैंक के संस्थापक महाराजा सर सयाजीराव गायकवाड़ के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर उनके विचारों और बैंकिंग क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक मिहिर कुमार झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि अंबेडकरनगर जिले में बैंक ऑफ बड़ौदा की 43 शाखाओं के माध्यम से लोगों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की आवश्यकता है। मसड़ा में नई शाखा खुलने से क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग संबंधी कार्यों के लिए सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही ई-केवाईसी, वित्तीय साक्षरता और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी बैंक की प्राथमिकता है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा की मसड़ा शाखा ग्रामीण परिवेश के लोगों को बेहतर, सुलभ और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहेगी। उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने का भरोसा भी दिलाया।
उद्घाटन समारोह में उप क्षेत्रीय प्रबंधक अनुज कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक कमलेश भास्कर, आरबीडीएम अभय कुमार, शाखा प्रबंधक आकाश राज, जनता इंटर कॉलेज के प्रबंधक संतराम मौर्य, निसार अहमद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजमान भारती और बीसी सखी मंजू सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, खाताधारक तथा बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


मसड़ा में बैंक ऑफ बड़ौदा









