

- ड्रिंक एंड ड्राइव एवं ट्रिपल राइडिंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश, जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में 5-5 बेड आरक्षित रखने के निर्देश
- सम्हरिया चौराहे की हाईमास्ट लाइट दुरुस्त कराने एवं गौहन्ना चौराहे पर 15 दिवस में हाईमास्ट लगाने के निर्देश
(आशा भारती नेटवर्क)
*गिरजा शंकर गुप्ता*
अंबेडकरनगर 16 नवम्बर 2026। सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से दिनांक 16 से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित सड़क सुरक्षा पखवाड़े के शुभारंभ के उपरांत जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्ययोजना एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता एवं प्रवर्तन (इन्फोर्समेंट) की कार्रवाई को समानांतर रूप से प्रभावी बनाया जाए। जागरूकता अभियान में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव, ट्रिपल राइडिंग सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी चालान एवं प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश यातायात पुलिस को दिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सख्त प्रवर्तन के समन्वित प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जाए।
आगामी ठंड एवं कोहरे के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में 5-5 बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने को कहा।
सड़क सुरक्षा से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील टांडा के सम्हरिया चौराहे पर स्थापित हाईमास्ट लाइट को तत्काल ठीक कराने के निर्देश एनएचएआई को दिए। इस पर एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि हाईमास्ट लाइट को दुरुस्त कराने के साथ ही चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त गौहन्ना चौराहे पर आगामी 15 दिनों के भीतर हाईमास्ट लाइट स्थापित कराने के निर्देश भी एनएचएआई को दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्र में जाम की समस्या का योजनाबद्ध तरीके से स्थायी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में उप संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत तिथिवार आयोजित की जाने वाली जागरूकता एवं अन्य गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने विभाग से जुड़ी गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड, एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर/पंचायत नगर पालिका तथा एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।








