- साइबर क्राइम थाना, पुलिस की त्वरित कार्यवाही; शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर हुई 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामले में पीड़ित के रुपये कराये गए वापस।
अंबेडकरनगर।(आशा भारती नेटवर्क) पुलिस अधीक्षक प्राची सिहं के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक(पश्चिमी) के पर्यवेक्षण मे तथा क्षेत्राधिकारी टाण्डा के मार्गदर्शन मे साइबर क्राइम पुलिस थाना द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरुकता अभियान व साइबर अपराधों में की जा रही त्वरित कार्यवाही के क्रम में आवेदक सत्येन्द्र वर्मा (बदला हुआ नाम, सुरक्षा कारणो से) थाना टाण्डा निवासी द्वारा साइबर क्राइम थाना, पर सूचना दी गई कि अज्ञात जालसाजों द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करके स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए भारी लाभ कमाने का झांसा दिया गया। इस प्रलोभन में आकर पीड़ित द्वारा विभिन्न तिथियों (16 सितम्बर 2026 से 2 अक्टूबर 2026 के बीच) में यूपीआई के माध्यम से कुल ₹11,34,100/- (ग्यारह लाख चौंतीस हजार एक सौ रुपये) ट्रांसफर कर दिए गए थे।
शिकायत प्राप्त होने पर प्रभारी निरीक्षक, साइबर क्राइम थाना के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कानूनी व तकनीकी कार्यवाही की गई। साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर संबंधित बैंक खातों के लेन-देन (Money Trail) का तकनीकी विश्लेषण किया गया तथा संदिग्ध खातों में उपलब्ध धनराशि को नियमानुसार तत्काल होल्ड (Lien/Freeze) कराया गया।
साइबर पुलिस की प्रभावी ट्रैकिंग, खातों पर लगाई गई रोक और लगातार बनाए गए दबाव के परिणामस्वरूप, संबंधित विपक्षी/खाताधारकों द्वारा मामले में समझौता किया गया। पुलिस के प्रयासों से पीड़ित के बैंक खाते में कुल धनराशि सफलतापूर्वक वापस (Refund) करा दी गई है। ठगी गई धनराशि वापस मिलने तथा शेष विवाद का आपसी सहमति से राजीनामा हो जाने पर शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई है।
आम जनमानस के लिए साइबर सुरक्षा अपील: साइबर क्राइम पुलिस, आम जनमानस से अपील करती है कि:
1. व्हाट्सएप, टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर अनजान व्यक्तियों द्वारा दिए गए ‘स्टॉक मार्केट या ट्रेडिंग में भारी मुनाफे’ के प्रलोभन में बिल्कुल न आएं।
2. किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही उनके कहने पर किसी अनजान खाते में पैसे ट्रांसफर करें।
3. यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो घबराएं नहीं। तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर की गई शिकायत आपके पैसे वापस दिलाने में अत्यंत मददगार होती है।








