- 14 अप्रैल को जनपद में विशिष्ट रूप से मनाई जाएगी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, प्रशासन सतर्क

- स्वच्छता अभियान, गोष्ठियां व सुरक्षा व्यवस्था आदि जिलाधिकारीने संबंधित अधिकारियोंको दिए आवश्यक दिशा निर्देश—अम्बेडकर जयंती की तैयारियां तेज
अंबेडकर नगर 10 अप्रैल 2026। (आशा भारती नेटवर्क) जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अपने कार्यालय कक्ष में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर की उपस्थिति में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती (14 अप्रैल) को जनपद में गरिमापूर्ण एवं विशिष्ट रूप से मनाए जाने के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर गहन चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु ने अवगत कराया कि जयंती के अवसर पर जनपद की समस्त नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय कार्यालयों में स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, विचार गोष्ठियों का आयोजन, जिला पंचायत सभागार में उनके जीवन एवं विचारों पर व्याख्यान, नगर क्षेत्र में चिकित्सा शिविर तथा विद्यालयों में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों एवं आमजन को उनके विचारों से प्रेरणा प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह प्रेरणादायी एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बन सके। साथ ही शासन के निर्देशानुसार जनपद में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमाओं की सुरक्षा हेतु जाली एवं छतरी का कार्य 14 अप्रैल से पूर्व पूर्ण कराने तथा परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी संवेदनशील एवं पूर्व में विवादित स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त एवं रूट मार्च करने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











