

अंबेडकर नगर, 17 जून 2026। (आशा भारती नेटवर्क) जनपद के विकासखंड टांडा अंतर्गत ग्राम पंचायत ब्राहिमपुर कुसमा में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त एनआरएलएम, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन किया गया तथा स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं स्वास्थ्य विभाग स्यास्थ्य विभाग का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर प्राप्त जनशिकायतों एवं आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा की गई। इस अवसर पर यथासंभव विभिन्न प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर रास्ता एवं भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त शिकायतों को जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने धूल एवं प्रदूषण की समस्या भी उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चौपाल में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











