कौशल विकास की ओर बढ़े कदम: 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगी महिला बंदियां
(आशा भारती नेटवर्क)
अंबेडकरनगर 18 जून 2026। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया द्वारा जिला कारागार के पूर्व निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों को कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के क्रम में बैंक ऑफ़ बड़ौदा द्वारा संचालित बडौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) द्वारा जिला कारागार में ब्यूटी पार्लर प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, जेल अधीक्षक शिव मूरत सिंह व संस्थान निदेशक राजेश कुमार के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर संस्थान निदेशक राजेश कुमार ने बताया कि कारागार में बड़ौदा आरसेटी द्वारा महिला बंदियों को 35 दिवस तक ब्यूटी पार्लर प्रबंधन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्हें एनआरएलएम की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान किया गया, जिससे रिहाई के पश्चात महिला बंदी अपना जीवन यापन सुचारू रूप से चला सके। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिला बंदियों को रोजगारपरक एवं स्वरोजगार से जुड़ी व्यावहारिक दक्षताएं प्रदान की जाएंगी, जिससे उनके आत्मनिर्भर बनने तथा समाज की मुख्यधारा से पुनः जुड़ने में सहायता मिलेगी।
जेल अधीक्षक शिव मूरत सिंह ने सभी बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करें और ब्यूटी पार्लर के कार्य के बारीकियों को सीखें। संस्थान निदेशक राजेश कुमार ने आरसेटी द्वारा चलाए जाने वाले विभिन्न निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान किया। सीएम युवा उद्यमी अभियान और संस्थान द्वारा चलाई जा रही विभिन्न निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान जेलर विजय लक्ष्मी सिंह, डिप्टी जेलर सूर्यभान सरोज, डिप्टी जेलर शीतल जायसवाल व अन्य कर्मचारी मौजूद रहें।











