
घायल जिला अस्पताल में भर्ती स्थिति गंभीर
(आशा भारती नेटवर्क)
मालीपुर अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अकबरपुर-मालीपुर मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वह बंद रेलवे फाटक के नीचे से अपनी मोटरसाइकिल निकालने का प्रयास कर रहा था। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जलालपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के शेखपुरा राजकुमारी गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र मुरली किसी निजी कार्य से अवधान इस्माइलपुर गांव गए थे। कार्य समाप्त करने के बाद वे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अकबरपुर-मालीपुर मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक बंद मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लक्ष्मण बंद फाटक के नीचे से अपनी बाइक निकालकर रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में बाइक का हैंडल आ गया, जिससे मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल मालीपुर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डायल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल लक्ष्मण को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस संबन्ध में मालीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि ट्रेन के आगमन के कारण रेलवे फाटक पहले से बंद था। घायल व्यक्ति फाटक के नीचे से बाइक निकालकर पार करने का प्रयास कर रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में बाइक का हैंडल आ गया और यह दुर्घटना घटित हो गई। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।











