
महेश चंद्र गुप्ता ब्यूरो चीफ
अंबेडकर नगर 25 जून 2026। (आशा भारती नेटवर्क) मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु आज कलेक्ट्रेट सभागार में विवाह कार्यक्रम समिति की बैठक जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों को प्रदान की जाने वाली उपहार सामग्री, जैसे प्रेस, पैंट-शर्ट, साड़ी, कंबल, बेडशीट, डिनर सेट, गद्दा आदि का क्रय निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पात्र एवं सत्यापित लाभार्थियों को ही योजना का लाभ प्रदान किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम से संबंधित निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करते हुए शासनादेश एवं जेम (GeM) पोर्टल के प्रावधानों के अनुरूप निविदा प्रकाशित कर आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह, जिला विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













